उत्तराखंड भाजपा: नए प्रदेश अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया जल्द शुरू होने के आसार, दुष्यंत गौतम ने जताए संकेत

उत्तराखंड

उत्तराखंड पहुंचे भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम ने कहा कि पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव जल्द ही किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पहले यह प्रक्रिया शुरू हो चुकी थी, लेकिन पहलगाम में हुए आतंकी हमले के कारण इसमें कुछ समय के लिए रुकावट आ गई थी।

भाजपा में नए प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया अब जल्द शुरू हो सकती है। प्रदेश चुनाव अधिकारी खजान दास ने संकेत दिए हैं कि 15 जून तक चुनाव हो सकता है। इसी दिशा में आज उत्तराखंड आए भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम ने भी इशारा किया है।

पहले पहलगाम में हुए आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के चलते यह प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी थी। पहले उम्मीद थी कि 30 अप्रैल तक नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति हो जाएगी। लेकिन अब भारत-पाक सीमा पर तनाव कम होने और स्थिति सामान्य होने के बाद भाजपा फिर से संगठनात्मक कामकाज में सक्रिय हो गई है।

चुनाव कराने के लिए कभी भी पर्यवेक्षक की घोषणा

भाजपा के प्रदेश चुनाव अधिकारी खजान दास का कहना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव से पहले राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने हैं। प्रदेश में यह प्रक्रिया 15 जून तक कभी भी शुरू हो सकती है। केंद्रीय नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव कराने के लिए कभी भी पर्यवेक्षक की घोषणा कर सकता है। पर्यवेक्षकों की तैनाती के साथ ही चुनाव प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

अभी प्रदेश संगठन की कमान राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के हाथों में है। प्रदेश अध्यक्ष की चुनाव प्रक्रिया शुरू होने से पहले उन्हें ही इस पद का सबसे मजबूत दावेदार माना गया। बदली परिस्थितियों में दावेदारों के और नाम सामने आ सकते हैं।

 

Social Media Share