Haldwani: सीएम धामी ने उपराष्ट्रपति धनखड़ से की भेंट, राज्य विकास योजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा

उत्तराखंड

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को हल्द्वानी स्थित आर्मी हेलीपैड पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से भेंट कर उनका हालचाल जाना।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को हल्द्वानी के आर्मी हेलीपैड पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उपराष्ट्रपति धनखड़ तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे के समापन पर दिल्ली रवाना होने से पहले हल्द्वानी पहुंचे थे। इस मौके पर उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह भी मौजूद रहे।

 

हेलीपैड परिसर में हुई इस मुलाकात के दौरान प्रदेश से संबंधित अहम मुद्दों और विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने उपराष्ट्रपति का उत्तराखंड आगमन पर धन्यवाद जताते हुए कहा कि उनके दौरे से राज्य को नई दिशा और प्रेरणा मिली है। उपराष्ट्रपति ने उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, सैन्य परंपरा और सतत विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उपराष्ट्रपति को “हाउस ऑफ हिमालयाज” ब्रांड के स्थानीय उत्पाद भी भेंट किए।

इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्यपाल गुरमीत सिंह ने एक साथ जमरानी बांध परियोजना का हवाई निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान सांसद अजय भट्ट, विधायक सरिता आर्या, मेयर गजराज बिष्ट, दर्जा प्राप्त मंत्री दीपक मेहरा, मुख्यमंत्री के आयुक्त/सचिव दीपक रावत, आईजी रिद्धिम अग्रवाल, जिलाधिकारी वंदना, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पी.एन. मीणा सहित कई अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

 

 

 

 

 

Social Media Share