Uttarakhand BJP: नई प्रदेश कार्यकारिणी सूची तैयार, बड़े पद पर पहली बार महिला को मिल सकती जिम्मेदारी

उत्तराखंड

बीजेपी की नई प्रदेश कार्यकारिणी की सूची का नेताओं को बेसब्री से इंतजार है। इस बार संगठन में पहली बार किसी महिला को बड़ा पद मिलने की संभावना जताई जा रही है।

भारतीय जनता पार्टी की नई प्रदेश कार्यकारिणी की सूची तैयार हो चुकी है, अब बस इसके जारी होने का इंतजार है। पूरे प्रदेश के पार्टी नेता इस सूची पर टकटकी लगाए हुए हैं। शुक्रवार को भी कई नेता प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के आवास पर उनसे मिलने पहुंचे।

 

इस बार कार्यकारिणी में कुल 31 पदाधिकारी बनाए जाएंगे, जिनमें आठ प्रदेश उपाध्यक्ष, आठ प्रदेश मंत्री, तीन महामंत्री, एक महामंत्री संगठन, एक मीडिया प्रभारी, एक कोषाध्यक्ष और एक कार्यालय सचिव शामिल होंगे।

 

इसके साथ ही सात मोर्चों—युवा मोर्चा, किसान मोर्चा, महिला मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, ओबीसी मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा और अनुसूचित जनजाति मोर्चा—के अध्यक्ष भी घोषित किए जाएंगे। माना जा रहा है कि पहली बार किसी महिला को संगठन में बड़े पद की जिम्मेदारी मिल सकती है। पिछले महीने के अंत में प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट दिल्ली से लौटे थे, जिसके बाद नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई थी।

चयन पर संगठन ने काफी विमर्श किया

पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से सलाह-मशविरा करने के बाद पार्टी के नए पदाधिकारियों के नामों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। बस इस सूची के जारी होने का इंतजार है। अगर शनिवार को सूची जारी न हुई तो फिर नवरात्र तक इंतजार बढ़ सकता है। क्योंकि 7 सितंबर से पितृ पक्ष शुरू हो जाएगा।आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा संगठन को एक टीम की जरूरत है जो जीत की हैट्रिक के लक्ष्य तक मजबूती के साथ पहुंचा सके।

इसलिए माना जा रहा है कि नई टीम में शामिल किए जाने वाले पदाधिकारियों के चयन पर संगठन ने गहन मंथन किया है। यह टीम आने वाले विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए पूरी ताकत के साथ बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और आगे ले जाने का काम करेगी।

 

 

 

Social Media Share