डोईवाला में आवारा कुत्तों का आतंक, बाड़े में घुसकर 33 भेड़-बकरियों को मार डाला

Newsbeat आपका शहर उत्तराखंड खबर हटकर ट्रेंडिंग खबरें ताज़ा ख़बर ताज़ा ख़बरें न्यूज़ सोशल मीडिया वायरल

बीती रात डोईवाला के कुड़कावाला बस्ती में आवारा कुत्ते पशु पालक की बाड़ में घुस गए, कुत्तों के हमले से बड़ी संख्या में पशु मरे

डोईवाला: देहरादून जिले के डोईवाला स्थित कुड़कावाला बस्ती में देर रात आवारा कुत्तों ने जमकर आतंक मचाया. कुत्तों के एक झुंड ने पशुपालक की बाड़ में घुसकर भेड़-बकरियों पर हमला कर दिया. इस हमले में 33 भेड़-बकरियों की मौत हो गई. इससे पशुपालक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है.

भेड़-बकरियों के बाड़े पर कुत्तों के झुंड का हमला: बताया जा रहा है कि पशुपालक जॉनी के पास लगभग 90 भेड़-बकरियां हैं. देर रात अचानक आवारा कुत्तों के झुंड ने बाड़े पर हमला कर दिया. कुत्तों के भौंकने और हमले से सभी पशु बुरी तरह सहम गए और डर के मारे एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गए.

33 भेड़-बकरियों की मौत: भगदड़ और दम घुटने से मौके पर ही 33 भेड़-बकरियों की मौत हो गई. सुबह जब पशुपालक बाड़े में पहुंचा तो नजारा देखकर उसके होश उड़ गए.

वरिष्ठ पशु चिकित्सक का बयान: घटना की सूचना पर डोईवाला की वरिष्ठ पशु चिकित्सक डॉ पूजा पांडे मौके पर पहुंची और मृत पशुओं का निरीक्षण किया. वरिष्ठ पशु चिकित्सक डॉ. पूजा पांडे ने बताया कि-

प्रथम दृष्टया यह आवारा कुत्तों का ही हमला प्रतीत हो रहा है. कुत्तों के हमले के बाद सभी भेड़-बकरियां अत्यधिक डर गईं और एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गईं. जिसके कारण दम घुटने और चोट लगने से उनकी मौत हुई है. कुछ पशुओं पर कुत्तों के काटने के निशान भी मिले हैं.
-डॉ पूजा पांडे, वरिष्ठ पशु चिकित्सक-

डरे हुए हैं बचे पशु: डॉ पूजा पांडे ने बताया कि मृत पशुओं का पोस्टमार्टम कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. बचे हुए पशु अभी भी डरे हुए हैं. उन्हें उपचार दिया जा रहा है. वहीं पीड़ित पशुपालक जॉनी ने प्रशासन से आवारा कुत्तों के आतंक से निजात दिलाने और हुए नुकसान का उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है.

Social Media Share