उत्तराखंड UKSSSC Exam केस, पूर्व CM हरीश रावत के EX OSD के घर ED की रेड, लग्जरी घड़ियां-सोना और कैश मिला

Dehardun Newsbeat आपका शहर उत्तराखंड खबर हटकर ट्रेंडिंग खबरें ताज़ा ख़बर ताज़ा ख़बरें न्यूज़ सोशल मीडिया वायरल

उत्तराखंड में UKSSSC VPDO एग्जाम 2016 गड़बड़ी मामले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, हरीश रावत के पूर्व ओएसडी के घर मारा छापा.

देहरादून: उत्तराखंड में ईडी यानी प्रवर्तन निदेशालय (Enforcement Directorate) ने UKSSSC VPDO एग्जाम 2016 में हुई गड़बड़ियों के मामले में बड़ा एक्शन लिया है. ईडी ने PMLA के तहत 10 सितंबर को कई जगहों पर तलाशी ली. ईडी ने उत्तराखंड के पूर्व CM हरीश रावत के पूर्व OSD और PA चंदन सिंह जीना के ठिकानों पर छापेमारी की. इस दौरान ईडी को चंदन सिंह जीना के आवास से करीब 32 लाख रुपए की बेहिसाबी नकदी बरामद हुई. करीब 200.5 ग्राम सोने के सिक्के और चेन मिली है. साथ ही 12 लग्जरी घड़ियां भी ईडी ने बरामद की.

उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की ग्राम पंचायत विकास अधिकारी (VPDO) परीक्षा 2016 में कथित अनियमितताओं से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार को देहरादून में कई ठिकानों पर छापेमारी की थी. ईडी की टीमों ने तत्कालीन UKSSSC अध्यक्ष, सचिव, परीक्षा नियंत्रक, निजी कंप्यूटर एजेंसी के मालिक और मामले से जुड़े अन्य लोगों के परिसरों की तलाशी ली.

तलाशी के दौरान तत्कालीन UKSSSC सचिव चंदन सिंह जीना के वर्तमान आवास से 32 लाख रुपए की अघोषित नकदी बरामद होने की बात ईडी ने कही है. इसके अलावा करीब 200.5 ग्राम सोना मिला, जिसमें 193 गोल्ड कॉइन और 7 गोल्ड चेन शामिल हैं. घर से Rolex, Rado, Piaget, Movado और Tissot समेत 12 लग्जरी घड़ियां भी बरामद की गईं.

ईडी की मानें तो चंदन सिंह जीना और उनके परिवार के सदस्यों के बैंक खातों में करीब 52.16 लाख रुपए का बैलेंस मिला, जिसे मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट की धारा 17(1A) के तहत फ्रीज किया गया है. एजेंसी ने जीना का मोबाइल फोन भी जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा है. ईडी के अनुसार, जीना के आवास से जब्त और फ्रीज की गई संपत्तियों की कीमत करीब 1.28 करोड़ रुपए है, जिसमें 12 लग्जरी घड़ियों का मूल्यांकन शामिल नहीं है.

OMR शीट में छेड़छाड़ का आरोप: यह मामला UKSSSC की ग्राम पंचायत विकास अधिकारी (VPDO) परीक्षा-2016 में OMR शीट से कथित छेड़छाड़ से जुड़ा है. ईडी की जांच के अनुसार, सुरक्षित अभिरक्षा में रखी OMR शीट कथित तौर पर तत्कालीन सचिव के निजी आवास तक पहुंचाई गई थी. आरोप है कि खाली छोड़े गए रोल नंबर वाली OMR शीट निजी कंप्यूटर एजेंसी के कर्मचारियों को दी गईं, जिन्होंने खाली उत्तर वाले गोले भरने के बाद उन्हें दोबारा सील किया.

जांच एजेंसी के मुताबिक, इस प्रक्रिया के बदले अवैध रूप से रकम लिए जाने के संकेत मिले हैं. मामले में तत्कालीन अध्यक्ष, सचिव, परीक्षा नियंत्रक और निजी कंप्यूटर एजेंसी से जुड़े लोगों की भूमिका जांच के दायरे में है.

हरीश सिंह रावत से जुड़े परिसर पर भी कार्रवाई: ईडी ने हरीश सिंह रावत से जुड़े परिसर की भी तलाशी ली. एजेंसी की प्रेस रिलीज के मुताबिक चंदन सिंह जीना वर्ष 2014 से 2017 के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश सिंह रावत के कार्यकाल में OSD के रूप में तैनात रहे थे. हालांकि. ED की प्रेस रिलीज में उन्हें (हरीश रावत) इस मामले का आरोपी नहीं बताया गया है.

ईडी ने बताया कि छापेमारी के दौरान कई मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं. एजेंसी अब बरामद नकदी, सोने, लग्जरी घड़ियों और बैंक खातों में मौजूद रकम के स्रोत की जांच कर रही है. VDO परीक्षा 2016 की कथित अनियमितताओं, ओएमआर (OMR) शीट में हेर फेर और इससे जुड़े धन के लेन-देन की जांच जारी है.

Social Media Share