देहरादून: केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा उत्तराखंड दौरे पर, गुंजी में स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण और होम स्टे का जायज़ा लेंगे

उत्तराखंड

नड्डा देहरादून हवाई अड्डे से हेलिकॉप्टर से उड़ान भरकर पिथौरागढ़ के गुंजी गाँव जाएंगे और वहाँ के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करेंगे।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे। देहरादून एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। नड्डा सीमांत जिले पिथौरागढ़ के वाइब्रेंट विलेज का निरीक्षण करने आए हैं। सबसे पहले वे जौलीग्रांट स्थित हवाई अड्डे पर वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत प्रस्तावित कार्यों की प्रस्तुति देखेंगे। इसके बाद वे गुंजी गांव जाएंगे, जहां वाइब्रेंट विलेज में उनका रात का ठहराव रहेगा।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने जेपी नड्डा के उत्तराखंड दौरे का स्वागत किया है। उन्होंने बताया कि नड्डा पिथौरागढ़ के गुंजी गांव जाएंगे, जहां वे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करेंगे। इसके अलावा, वे ज्योलिंगकोंग से आदि कैलाश के दर्शन करेंगे और महिला फेडरेशन द्वारा संचालित होम स्टे का भी दौरा करेंगे। गुंजी गांव में ही वे रात रुकेंगे और अगले दिन देहरादून होते हुए दिल्ली रवाना होंगे।

भट्ट ने कहा कि जेपी नड्डा का गुंजी और आदि कैलाश का दौरा सीमावर्ती इलाकों के विकास को नई दिशा और गति देगा। वहां चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा से इन प्रोजेक्टों को तेजी और प्रभावशीलता मिलेगी। साथ ही, महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा संचालित कार्यस्थलों का स्वास्थ्य मंत्री द्वारा किया जाने वाला दौरा, स्थानीय महिलाओं का उत्साह बढ़ाएगा।

यह हम सभी के लिए गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास के लिए शुरू की गई वाइब्रेंट विलेज योजना का सबसे अधिक लाभ देवभूमि उत्तराखंड को मिल रहा है। प्रधानमंत्री खुद समय-समय पर सीमाओं को मजबूत और विकसित करने की अपनी नीति की समीक्षा के लिए यहां आते रहते हैं। ऐसे में जेपी नड्डा जैसे केंद्रीय मंत्रियों का वाइब्रेंट विलेजों का दौरा करना यहां चल रहे विकास कार्यों को और तेज़ करने में मदद करता है।

 

 

 

 

 

 

Social Media Share