उत्तराखंड: पांच जून से मतदाता जागरूकता अभियान, पोलिंग बूथों पर दो लाख पौधे लगाए जाएंगे

उत्तराखंड

निर्वाचन विभाग पौधरोपण के जरिए मतदाता जागरूकता अभियान चलाएगा। इस अभियान में कई विभागों की भागीदारी रहेगी। हर मतदान केंद्र पर 10 पौधे लगाए जाएंगे।

मतदाताओं को जागरूक करने के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से व्यापक पौधरोपण और जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत प्रदेश में दो लाख पौधे लगाए जाएंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के निर्देश पर पूरे राज्य में विश्व पर्यावरण दिवस से यह अभियान शुरू होगा।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने शुक्रवार को सचिवालय में अभियान की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि मतदाता जागरूकता और पौधरोपण अभियान 5 जून, विश्व पर्यावरण दिवस से शुरू होकर जुलाई के अंत तक चलेगा। राज्य भर में 11,700 से अधिक पोलिंग बूथ हैं, जहां यह अभियान संचालित किया जाएगा।

अभियान के तहत हर पोलिंग बूथ पर 10 पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया गया है। पौधरोपण में सबसे बुजुर्ग, नए और महिला मतदाताओं को विशेष रूप से शामिल किया जाएगा। यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि पौधों के रोपण के बाद उनकी देखभाल के लिए स्थानीय स्तर पर सहयोग लिया जाए। बैठक में वन विभाग, उद्यान विभाग, शहरी विकास विभाग, एमडीडीए, उच्च शिक्षा, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, पंचायतीराज और ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

हरेला का संदेश, वोट बने विशेष

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. जोगदंडे ने बताया कि इस अभियान को लोकपर्व हरेला से जोड़ा जाएगा और इसे पूरे जुलाई माह तक चलाया जाएगा। जून माह की थीम ‘हर बूंद बारिश की, हर वोट की अहमियत’ जबकि जुलाई की थीम ‘हरेला का संदेश, वोट बने विशेष’ रखी गई है।

इन थीम्स को मतदाता जागरूकता से जोड़कर पूरे प्रदेश के सभी जिलाधिकारी और सीडीओ के जरिए अभियान चलाया जाएगा। एसीईओ ने बताया कि सीईओ कार्यालय पौधरोपण करने वाले मतदाताओं को प्रोत्साहित करने के लिए सोशल मीडिया पर प्रतियोगिता भी आयोजित करेगा।

 

 

 

 

 

 

Social Media Share