यमुनोत्री मार्ग पर भूस्खलन की चपेट में आए लापता दो यात्रियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। जानकीचट्टी से यमुनोत्री की ओर जाने वाले पैदल रास्ते पर नौकैंची के पास अचानक मलबा और भारी बोल्डर गिरने से यह हादसा हुआ था। घटना के वक्त रास्ते पर मौजूद चार से पांच यात्री मलबे के साथ खाई में जा गिरे थे।
23 जून को यमुनोत्री पैदल मार्ग पर हुए भूस्खलन में लापता हुए दो यात्रियों के शव आज भगेली गाड़ यमुना नदी से बरामद किए गए। मृतकों की पहचान 35 वर्षीय कमलेश जेठवा, निवासी मुंबई, और 11 वर्षीय भाविका शर्मा, निवासी कृष्णा विहार, नई दिल्ली के रूप में हुई है।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी नौगांव भेजा गया है। चौकी प्रभारी गंभीर सिंह तोमर ने बताया कि घटनास्थल से एक शव और एक कटा हुआ पैर बरामद हुआ है। पहचान के लिए परिजनों को मौके पर बुलाया गया है। गौरतलब है कि जानकीचट्टी-यमुनोत्री पैदल मार्ग पर नौकैंची के पास अचानक भूस्खलन के चलते भारी बोल्डर और मलबा गिर पड़ा था। उस समय करीब चार से पांच श्रद्धालु मार्ग पर चल रहे थे, जो मलबे के साथ खाई में गिर गए थे। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और पुलिस की टीमें लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही थीं।