फिर उत्तराखंड दौरे पर आएंगी कुमारी शैलजा, इन जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से होगा वन-टू-वन संवाद

Dehardun Politics उत्तराखंड सोशल मीडिया वायरल

उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा 8 मई को उत्तराखंड आ रही हैं, इस बार वो गढ़वाल मंडल के 4 जिलों का दौरा करेंगी

देहरादून: कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा फिर उत्तराखंड आ रही हैं. बीती 8 अप्रैल को वो अपने पांच दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर पहुंचीं थी. उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी और सांसद कुमारी शैलजा एक बार फिर 4 मई को उत्तराखंड आ रही हैं. इस बार वो गढ़वाल मंडल के चार जिलों का धुआंधार दौरा करने जा रही हैं.

फिर उत्तराखंड दौरे पर आएंगी कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा: इससे पहले कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा ने 8 अप्रैल से उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर से अपने चार दिवसीय दौरे की शुरुआत की थी. तब उन्होंने रुद्रपुर, काशीपुर महानगर कांग्रेस और जिला कमेटियों के पदाधिकारियों की बैठक ली थी. 9 अप्रैल को उन्होंने नैनीताल जिले के हल्द्वानी में सभी विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की बैठक करने के बाद कोटद्वार में बैठक की थी. इसके अलावा उन्होंने हरिद्वार में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में भाग लिया था.

इसी महीने 5 दिवसीय दौरे पर आई थीं शैलजा: इसके बाद वह 11 अप्रैल को मसूरी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुईं थी. 11 अप्रैल की शाम को उन्होंने महानगर कांग्रेस कमेटी, जिला कांग्रेस कमेटी परवादून और पछुवादून के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक मजबूती व अग्रिम चुनावी रणनीति को लेकर संवाद स्थापित किया था. इसके बाद वो वापस दिल्ली लौट गईं थी.

इस बार गढ़वाल मंडल के 4 जिलों का होगा दौरा: अब एक बार फिर कुमारी शैलजा उत्तराखंड आ रही हैं. अब वो गढ़वाल मंडल के चार जिलों का आगामी 4 मई से भ्रमण करने जा रही हैं. उनके इस प्रस्तावित दौरे पर कांग्रेसी नेताओं का कहना है कि उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी का दौरा इसी तरह आगे भी चलता रहेगा. उनका उत्तराखंड का दौरा पहले 28 अप्रैल से प्रस्तावित था. किसी कारणवश कुमारी शैलजा अब 4 मई को गढ़वाल मंडल के चार जिलों का भ्रमण करने जा रही हैं.

4 मई से शुरू होगा कुमारी शैलजा का दौरा: गढ़वाल मंडल के दौरे पर वह 10 या 11 मई तक कई जिलों में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करेंगी. इस दौरान कुमारी शैलजा चुनावी रणनीति को लेकर वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद स्थापित करेंगी. इस बीच ग्रुपों में भी बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिसमें नेताओं और कार्यकर्ताओं को उनके साथ वन टू वन बातचीत करनी होगी. कुमारी शैलजा ने स्पष्ट किया है कि नेता और कार्यकर्ता उनके साथ अलग से वार्ता भी कर सकते हैं.

कांग्रेस पार्टी का मानना है कि यह चुनावी वक्त है और ऐसे समय में यदि पार्टी प्रभारी दोबारा उत्तराखंड दौरे पर आती हैं तो इससे कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार होता है. पार्टी का मानना है कि इस बार दोगुनी क्षमता के साथ कांग्रेस पार्टी चुनावी रणभूमि में उतरने को पूरी तरह से तैयार है.

Social Media Share