एसएसपी ने छह उप निरीक्षकों समेत सात पुलिसकर्मियों के किए तबादले, यहां देखिए लिस्ट

Newsbeat आपका शहर उत्तराखंड खबर हटकर ट्रेंडिंग खबरें ताज़ा ख़बर ताज़ा ख़बरें न्यूज़ सोशल मीडिया वायरल

शहर में पुलिसिंग को और मजबूत करने के लिए एसएसपी अजय गणपति ने कई पुलिसकर्मियों के तबादले किए हैं.

रुद्रपुर: जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने पुलिस विभाग में फेरबदल किया है. एसएसपी कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार छह उप निरीक्षकों समेत सात पुलिसकर्मियों के स्थानांतरण कर नई तैनाती की गई है. सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती पर रवाना होकर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं.

जारी आदेश के अनुसार उप निरीक्षक महेश कांडपाल, जो वर्तमान में कोतवाली ट्रांजिट कैंप में तैनात थे, का तबादला रुद्रपुर कोतवाली किया गया है. उन्हें एसएसआई द्वितीय, कोतवाली रुद्रपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है. रुद्रपुर कोतवाली जिले की प्रमुख कोतवालियों में शामिल है, ऐसे में यहां एसएसआई द्वितीय के पद पर उनकी तैनाती महत्वपूर्ण मानी जा रही है. इसी क्रम में उप निरीक्षक मुकेश मिश्रा का तबादला कोतवाली गदरपुर से कोतवाली ट्रांजिट कैंप किया गया है.

उन्हें ट्रांजिट कैंप में वरिष्ठ उप निरीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है. वहीं उप निरीक्षक सुरेंद्र सिंह रिंगवाल का स्थानांतरण कोतवाली सितारगंज से कोतवाली गदरपुर किया गया है.पुलिस विभाग के इस फेरबदल में खटीमा क्षेत्र से जुड़े अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है. उप निरीक्षक किशोर पंत, जो वर्तमान में कोतवाली खटीमा में तैनात थे, को मझोला चौकी प्रभारी बनाया गया है. वहीं मझोला चौकी प्रभारी उप निरीक्षक राकेश राय का स्थानांतरण कोतवाली खटीमा किया गया है.

इसके अलावा महिला उप निरीक्षक संतोषी का तबादला थाना झनकईया से कोतवाली खटीमा किया गया है. वहीं कोतवाली रुद्रपुर में तैनात अपर उप निरीक्षक विनीता मेहर को महिला हेल्पलाइन रुद्रपुर से संबद्ध किया गया है. एसएसपी अजय गणपति ने आदेश में सभी संबंधित पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया है कि वे तत्काल प्रभाव से अपनी नई नियुक्ति पर रवाना होकर आमद कराना सुनिश्चित करें.

पुलिस विभाग में हुए इस फेरबदल को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिसिंग को बेहतर बनाने और अधिकारियों की जिम्मेदारियों को नए सिरे से व्यवस्थित करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है. नई तैनाती के बाद संबंधित क्षेत्रों में कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और आमजन से जुड़ी पुलिस सेवाओं को और प्रभावी बनाने की जिम्मेदारी इन अधिकारियों के कंधों पर होगी.

Social Media Share