उत्तराखंड के कई जिलों में भूकंप आया है. जिससे लोगों में दहशत फैल गई. भूकंप के झटके दिल्ली एनसीआर तक महसूस किए गए हैं.
देहरादून: उत्तराखंड की धरती एक बार फिर से भूकंप के झटकों से डोली है. देर रात चमोली, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, उधमसिंह नगर समेत तमाम जिलों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं. भूकंप के झटके लगते ही लोग घरों से बाहर निकल आए.
चमोली था भूकंप का केंद्र: राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, भूकंप का केंद्र उत्तराखंड का चमोली जिला रहा. जिसकी गहराई धरती से 13 किलोमीटर नीचे थी. भूकंप की तीव्रता 4.9 मैग्नीट्यूड दर्ज की गई. अभी तक कहीं से भी जान माल के नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन जैसे ही धरती थर्रायी, वैसे ही लोग चीखते हुए घर से बाहर भाग निकले. भूकंप के झटके 254KM शिमला, 258KM कुरुक्षेत्र, 273KM नोएडा, 275KM चंडीगढ़ और 282KM नई दिल्ली तक महसूस किए गए हैं.
उत्तराखंड में सबसे पहले खबर चमोली से ही सामने आई. जहां भूकंप के तीव्र झटकों के बाद लोग घरों से बाहर निकल गए. फिर हल्द्वानी, रुद्रपुर में 10:24 के आसपास झटके महसूस किए गए. इसके बाद रुद्रप्रयाग और अल्मोड़ा जिले से खबर आई. पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर में भी लोगों ने झटके महसूस किए. कुल मिलाकर गढ़वाल से कुमाऊं तक झटकों का असर दिखा.
उत्तराखंड में अक्सर आते रहते हैं भूकंप: गौर हो कि उत्तराखंड एक हिमालयी राज्य है. जो भूकंप के लिहाज से बेहद संवेदनशील राज्य है. यहां आए दिन भूकंप के झटके महसूस होते रहते हैं. भूकंप के लिहाज से उत्तराखंड को जोन 6 में रखा गया है.
इससे पहले उत्तराखंड को भूकंप की संवेदनशीलता के आधार पर जोन 4 और 5 में रखा गया था, लेकिन साल 2025 में बीआईएस यानी भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) ने देशभर में भूकंप की संवेदनशीलता को देखते हुए नया मैप जारी किया. जिसमें उत्तराखंड को जोन 4 और 5 से हटाकर जोन 6 में डाला गया है.
बारिश का भी अलर्ट: वहीं, अगले कुछ घंटों के लिए प्रदेश में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. देहरादून, हरिद्वार और टिहरी गढ़वाल में कुछ जगहों पर- लक्सर, मंगलौर, लच्छीवाला, डोईवाला, सेलाकुई, हरबर्टपुर, चंबा, घनसाली, टिपरी, झबरेड़ा और आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाओं (40-50 किमी/घंटा) के साथ मध्यम बारिश या आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है.
