बदरीनाथ धाम की चोटियों पर बर्फबारी, श्रद्धालुओं के खिले चेहरे, निचले इलाकों में बढ़ी ठंड

Naitional Newsbeat उत्तराखंड खबर हटकर ट्रेंडिंग खबरें ताज़ा ख़बर ताज़ा ख़बरें न्यूज़ सोशल मीडिया वायरल

Badrinath Dham Weather Update: बदरीनाथ धाम में बर्फबारी हो रही है. जिससे यहां ठंड बढ़ गई है. श्रद्धालु बर्फबारी का आनंद ले रहे हैं.

चमोली: उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है. चमोली जनपद में बृहस्पतिवार सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला नजर आया. बदरीनाथ धाम की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई है. जिससे पूरा क्षेत्र सर्द हवाओं की चपेट में आ गया है. भगवान बदरी विशाल के धाम में नर-नारायण पर्वत की चोटियों पर बर्फ की सफेद चादर बिछने से नजारा बेहद मनमोहक हो गया. धाम पहुंचे श्रद्धालु बर्फ से ढकी चोटियों को देखकर मंत्रमुग्ध नजर आए.

बृहस्पतिवार सुबह चमोली जनपद के साथ ही प्रदेश के कई अन्य इलाकों में मौसम में बदलाव देखने को मिला. राजधानी देहरादून में भी सुबह से बारिश होने की खबर है. बारिश और ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट महसूस की गई. जिससे लोगों को एक बार फिर ठंड का अहसास होने लगा है. वहीं, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के बाद सर्दी का असर बढ़ने लगा है. बदरीनाथ धाम की चोटियों पर हुई बर्फबारी ने जहां मौसम को सर्द बना दिया. यहां पहुंच रहे श्रद्धालुओं के लिए यह नजारा आकर्षण का केंद्र बन गया.

नर-नारायण पर्वत पर बर्फबारी देख श्रद्धालु खुश: भगवान बदरी विशाल के दर्शन के लिए देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु बदरीनाथ धाम पहुंच रहे हैं. धाम में सुबह के समय नर-नारायण पर्वत की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी का खूबसूरत नजारा देखने को मिला. बर्फ से ढकी पर्वत शृंखलाओं को देखकर श्रद्धालु खासे उत्साहित नजर आए. कई श्रद्धालुओं के लिए यह दृश्य यात्रा की यादगार अनुभूति बन गया. एक ओर मंदिर परिसर में भगवान बदरी विशाल के दर्शन और पूजा-अर्चना का सिलसिला जारी है, तो दूसरी ओर धाम के आसपास बर्फ से ढकी चोटियां प्राकृतिक सुंदरता में चार चांद लगा रही हैं.

बदरीनाथ धाम की धार्मिक महत्ता के साथ ही यहां की प्राकृतिक सुंदरता भी श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित करती है. मौसम में बदलाव के बीच चोटियों पर बर्फबारी होने से धाम का दृश्य और भी आकर्षक हो गया है. श्रद्धालु भगवान के दर्शन करने के साथ ही आसपास की पर्वत शृंखलाओं के इस मनमोहक नजारे को भी निहार रहे हैं.

16 नवंबर को बंद होंगे बदरीनाथ धाम के कपाट: बदरीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर रात 9 बजकर 37 मिनट पर शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे. कपाट बंद होने की तिथि नजदीक आने के साथ ही धाम में दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का सिलसिला जारी है. तीर्थयात्री मंदिर में भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन में शामिल हो रहे हैं. चारधाम यात्रा के अंतिम चरण में भी श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नजर नहीं आ रही है.

कपाट बंद होने से पहले भगवान बदरी विशाल के दर्शन करने की इच्छा लेकर श्रद्धालु धाम पहुंच रहे हैं. देश के अलग-अलग हिस्सों से आए तीर्थयात्री भगवान के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं. वहीं, बर्फबारी के बाद धाम की चोटियों पर दिखाई दे रहा प्राकृतिक सौंदर्य श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है.

मौसम में बदलाव के बीच सतर्कता जरूरी: चमोली जनपद के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम के बदलते मिजाज के साथ ठंड का असर बढ़ने लगा है. बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट आने से सुबह और शाम के समय सर्दी अधिक महसूस हो सकती है. ऐसे में बदरीनाथ धाम की यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को गर्म कपड़े साथ रखने और मौसम की स्थिति को ध्यान में रखकर यात्रा करने की जरूरत है. पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम तेजी से बदल सकता है, इसलिए यात्रियों को प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों और सड़क की स्थिति की जानकारी लेकर ही आगे बढ़ना चाहिए.

Social Media Share