वीआईपी कार्यक्रम और धनतेरस को लेकर देहरादून पुलिस ने जारी किया रूट प्लान, इन रास्तों पर जाने से बचें

Naitional Newsbeat आपका शहर उत्तराखंड खबर हटकर ट्रेंडिंग खबरें ताज़ा ख़बर ताज़ा ख़बरें न्यूज़ सोशल मीडिया वायरल

देहरादून शहर में 6 नवंबर को होने वाली बड़ी गतिविधियों को लेकर पुलिस ने ट्रैफिक प्लान जारी कर दिया है.

देहरादून: राजधानी देहरादून में 6 नवंबर को परेड ग्राउंड में प्रस्तावित जनसभा, पुलिस लाइन में आयोजित होने वाली अलंकरण परेड और धनतेरस पर्व को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर के लिए विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है. इस दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन लागू रहेगा. वहीं, परेड ग्राउंड और पुलिस लाइन के आसपास कार्यक्रम के दौरान जीरो जोन रहेगा. यातायात पुलिस ने आमजन से निर्धारित पार्किंग का इस्तेमाल करने और संभव हो तो सार्वजनिक परिवहन से सफर करने की अपील की है.

परेड ग्राउंड के आसपास रहेगा जीरो जोन: जनसभा के दौरान रोजगार तिराहे से सीजेएम तिराहा होते हुए लैंसडाउन चौक तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा. सर्वे चौक से ओरिएंट चौक और लैंसडाउन चौक जाने वाले वाहनों को रोजगार तिराहे से कनक चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा. बुद्धा चौक से क्रॉस रोड जाने वाले वाहन एमकेपी से होकर गुजरेंगे. वहीं, आराघर चौक से ईसी रोड जाने वाले वाहनों को सीएमआई चौक, एमकेपी चौक और बुद्धा चौक होते हुए सुभाष रोड की ओर भेजा जाएगा.

जनसभा में आने वाली बसों के लिए अलग रूट: हरिद्वार और ऋषिकेश से आने वाली बसें रिस्पना पुल, धर्मपुर, आराघर, द्वारका स्टोर और सर्वे चौक होते हुए रोजगार तिराहे तक पहुंचेंगी. यात्रियों को पानी की टंकी के पास उतारने के बाद बसें सीजेएम तिराहा, एमकेपी और रेसकोर्स होते हुए बन्नू स्कूल में पार्क होंगी. रुड़की, भगवानपुर और आईएसबीटी से आने वाली बसें पटेलनगर मंडी, सहारनपुर चौक, प्रिंस चौक, दर्शनलाल चौक और लैंसडाउन चौक होते हुए दून क्लब के सामने यात्रियों को उतारेंगी. इसके बाद बन्नू स्कूल में पार्क होंगी.

सहस्रधारा और रायपुर से आने वाली बसें सर्वे ऑफ इंडिया गेट के सामने यात्रियों को उतारेंगी और गुरुद्वारा ग्राउंड में पार्क होंगी. विकासनगर, चकराता और सहसपुर से आने वाली बसें किशननगर चौक, बिंदाल, घंटाघर और ओरिएंट चौक होते हुए दून क्लब के सामने यात्रियों को उतारेंगी. इन बसों की पार्किंग भी गुरुद्वारा ग्राउंड में रहेगी.

वीआईपी और सामान्य पार्किंग की व्यवस्था: वीआईपी वाहनों के लिए शेड पार्किंग, कनक चौक मल्टीलेवल पार्किंग और तिब्बती मार्केट मल्टीलेवल पार्किंग निर्धारित की गई है. छोटे वाहनों के लिए रेंजर्स ग्राउंड, काबुल हाउस पार्किंग और मंगला देवी इंटर कॉलेज में व्यवस्था रहेगी. बसों के लिए बन्नू स्कूल ग्राउंड, गुरुद्वारा ग्राउंड और गुरु नानक ग्राउंड रेसकोर्स में पार्किंग निर्धारित की गई है.

पुलिस लाइन के आसपास भी रहेगा जीरो जोन: पुलिस लाइन में अलंकरण परेड के दौरान नेगी तिराहा से पुलिस लाइन पेट्रोल पंप होते हुए बन्नू स्कूल चौक तक सभी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा. नेगी तिराहा से बन्नू स्कूल जाने वाले वाहनों को गुरुनानक चौक की ओर भेजा जाएगा, जबकि बन्नू चौक से नेगी तिराहा आने वाले वाहन गुरुनानक चौक और सूरी चौक होते हुए गुजरेंगे. वीआईपी पार्किंग पुलिस लाइन शहीद स्मारक ग्राउंड, प्रशासनिक भवन और एमटी सेक्शन ग्राउंड में रहेगी. सामान्य वाहनों के लिए गुरुनानक ग्राउंड रेसकोर्स निर्धारित किया गया है.

धनतेरस पर बाजारों के लिए पार्किंग व्यवस्था: धनतेरस पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए अलग-अलग क्षेत्रों में पार्किंग निर्धारित की गई है. धर्मपुर बाजार आने वाले लोग रेसकोर्स क्षेत्र में, नेहरू कॉलोनी आने वाले जीएसटी ऑफिस के दोनों ओर लिंक रोड पर और रिस्पना क्षेत्र में खरीदारी करने वाले राजीव नगर में विधानसभा तिराहे के पास सड़क किनारे वाहन पार्क कर सकेंगे. प्रेमनगर बाजार आने वाले लोगों के लिए दशहरा ग्राउंड और रायपुर शिव मंदिर बाजार आने वालों के लिए मालदेवता रोड पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है.

जाम से निपटने की कवायद: इसके अलावा सहस्रधारा, रायपुर, राजपुर और डालनवाला क्षेत्र से आने वाले वाहनों के लिए सर्वे चौक के पास, काबुल हाउस, मंगला देवी इंटर कॉलेज, कनक चौक मल्टीस्टोरेज पार्किंग और एमडीडीए कॉम्प्लेक्स में पार्किंग रहेगी.चकराता रोड और जीएमएस रोड से आने वाले वाहन जनपथ कॉम्प्लेक्स बिंदाल और रेंजर्स ग्राउंड में पार्क होंगे. ईसी रोड, रिस्पना पुल और धर्मपुर क्षेत्र से आने वालों के लिए रेंजर्स ग्राउंड, दरबार साहिब और राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स में पार्किंग रहेगी.

सहारनपुर चौक और पटेलनगर क्षेत्र से आने वाले वाहन पुराने बस अड्डे, पुलिस कार्यालय और नगर निगम परिसर में पार्क किए जा सकेंगे.पलटन बाजार आने वाले दोपहिया वाहनों के लिए गांधी इंटर कॉलेज और सीएनआई स्कूल में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी. रेंजर्स ग्राउंड, सीएनआई स्कूल, नगर निगम, पुलिस कार्यालय और गांधी इंटर कॉलेज में पार्किंग दोपहर 3 बजे से उपलब्ध होगी.

पलटन बाजार में लोडिंग वाहनों की नो एंट्री: पलटन बाजार में सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक लोडिंग वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. लोडिंग वाहनों को सुबह 10 बजे से पहले अपना काम पूरा करना होगा. वन-वे व्यवस्था के तहत वाहन केवल राजा रोड से पीपल मंडी होते हुए दर्शनी गेट की ओर जा सकेंगे।पलटन बाजार के व्यापारियों के वाहनों को टोकन के माध्यम से प्रवेश मिलेगा. इसके अलावा शहर में सभी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा.

नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने पर ट्रैफिक क्रेन से वाहन टो किया जाएगा और 1500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा. शॉपिंग कॉम्प्लेक्स संचालकों को अपनी बेसमेंट पार्किंग आमजन के लिए खोलने के निर्देश दिए गए हैं. ऐसा नहीं करने पर संबंधित के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
-जया बलूनी,एसपी ट्रैफिक-

विक्रम और सिटी बसों के रूट में बदलाव: धनतेरस और जनसभा के दौरान यातायात दबाव को देखते हुए विक्रम और सिटी बसों के रूट भी बदले जाएंगे. विक्रम संख्या-3 धर्मपुर से प्रिंस चौक, तहसील चौक, एमकेपी और सीएमआई चौक होते हुए संचालित होंगे. विक्रम संख्या-5 और 8 रेलवे स्टेशन से वापस होंगे, जबकि विक्रम संख्या-2 सहस्रधारा क्रॉसिंग से वापस किए जाएंगे. विक्रम संख्या-1 केवल ओरिएंट चौक तक आएंगे. प्रेमनगर और कोलागढ़ रूट के विक्रम बिंदाल कट से वापस होंगे.राजपुर रोड की सिटी बसें तहसील चौक, दर्शनलाल चौक और घंटाघर होते हुए संचालित होंगी. विश्वनाथ सेवा की बसें चुना भट्ठा से चलेंगी, जबकि रायपुर रोड से घंटाघर जाने वाली सिटी बसें सर्वे चौक और बहल चौक होते हुए गुजरेंगी.

यातायात दबाव बढ़ने पर अतिरिक्त डायवर्जन: पलटन बाजार, धामावाला बाजार, मच्छी बाजार और पीपल मंडी में यातायात दबाव बढ़ने पर सभी प्रकार के वाहनों के लिए जीरो जोन लागू रहेगा. यहां केवल पैदल यात्रियों को प्रवेश मिलेगा.सर्वे चौक पर दबाव बढ़ने पर रायपुर से आने वाले वाहनों को कर्जन रोड तिराहे से म्यूनिसिपल रोड की ओर भेजा जाएगा. घंटाघर पर दबाव बढ़ने की स्थिति में राजपुर रोड से आने वाले वाहनों को ओरिएंट चौक से कनक चौक और दर्शनलाल चौक से आने वाले वाहनों को लैंसडाउन चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा.धर्मपुर चौक पर दबाव बढ़ने पर माता मंदिर रोड से आने वाले वाहनों को रेसकोर्स और नेहरू कॉलोनी तिराहे से धर्मपुर जाने वाले वाहनों को फव्वारा चौक की ओर भेजा जाएगा.

नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर 1500 रुपये जुर्माना: पुलिस ने लोगों से अपील की है कि त्योहारी सीजन में निजी वाहनों का इस्तेमाल कम से कम करें और दोपहिया या सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता दें. साथ ही अंतिम समय की भीड़ से बचने के लिए समय रहते खरीदारी पूरी करें. एंबुलेंस, पुलिस और अग्निशमन जैसी आवश्यक सेवाओं के वाहनों को किसी भी स्थिति में नहीं रोका जाएगा.

Social Media Share