सावन सोमवार: शिव भक्तों का उमड़ा जनसैलाब, मंदिरों में गूंजे जयकारे, सीएम धामी ने पत्नी संग किया जलाभिषेक

उत्तराखंड

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सावन के पहले सोमवार पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपनी पत्नी गीता धामी के साथ शिव पूजन किया।

सावन सोमवार के शुभ अवसर पर प्रदेश के प्रमुख शिव मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही श्रद्धालु जल कलश लेकर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों के बीच भगवान शिव का जलाभिषेक करने पहुंचे। मंदिरों के बाहर भक्तों की लंबी कतारें नजर आईं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पत्नी गीता धामी के साथ शिवलिंग पर जल चढ़ाकर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की। वहीं श्रीनगर स्थित कटकेश्वर महादेव मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर में जलाभिषेक के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। भक्तों ने श्रद्धा और विधि-विधान के साथ भगवान शिव की आराधना की और दुखों से मुक्ति की प्रार्थना की।

 

देहरादून के धर्मपुर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में भी सुबह से ही शिवभक्तों का तांता लगा रहा। भक्तों ने शिवलिंग पर जल व बेलपत्र चढ़ाकर भोलेनाथ का अभिषेक किया। शिव नाम के जयकारों से श्रद्धालुओं ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

आराघर स्थित पंचायती मंदिर में भी शिवभक्तों ने पूरे श्रद्धा भाव से जलाभिषेक किया। मंदिर समिति की ओर से विशेष पूजा का आयोजन किया गया। सावन का यह पावन पर्व शिवभक्ति की भावना को और गहरा कर देता है। हर सोमवार को लोग व्रत रखकर शिवालयों में जल चढ़ाने पहुंच रहे हैं।

 

 

 

Social Media Share