व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का खुलासा न होने से ग्रामीण खफा, उग्र आंदोलन की दी चेतावनी

आपका शहर उत्तराखंड खबर हटकर ट्रेंडिंग खबरें ताज़ा ख़बरें न्यूज़ सोशल मीडिया वायरल

देवपुरी गांव के व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत मामले को लोग हत्या से जोड़कर देख रहे हैं. सख्त एक्शन की मांग कर रहे हैं.

गैरसैंण: कोतवाली गैरसैंण के अंतर्गत माईथान क्षेत्र के देवपुरी गांव के व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस की धीमी जांच को लेकर ग्रामीण मुखर हो गए हैं. मामले में क्षेत्र के डेढ दर्जन से ज्यादा पंचायत प्रतिनिधियों ने विधायक कर्णप्रयाग अनिल नौटियाल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा. साथ ही जांच में तेजी लाने की मांग की.

ग्रामीणों का आरोप है की मामले में पुलिस धीमी गति से जांच कर रही है, जिससे अपराधी बैखौफ घूम रहे हैं. वहीं क्षेत्र में बने डर के माहौल के कारण बाहर रहने वाले परिवार गर्मियों की छुट्टियां बिताने भी घर नहीं आ रहे हैं. जिससे कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं. मामले को लेकर कुछ दिन पहले ही देवपुरी के ग्रामीणों ने बैठक कर मामले का जल्द खुलासा न होने की दशा में आंदोलन किए जाने की बात कही गई थी. संदिग्ध परिस्थितियों में ग्रामीण राजेन्द्र सिंह कंडारी मौत के मामले में पंचायत प्रतिनिधियों ने मौत को हत्या बताते हुए कहा कि घटना के तीन सप्ताह बीतने के बावजूद पुलिस खाली हाथ है.

जिससे क्षेत्र में भय का वातावरण बना हुआ है. उल्लेखनीय है की देवपुरी गांव के राजमिस्त्री का काम करने वाले 42 वर्षीय राजेंद्र सिंह कंडारी 18 मई को सुबह गांव के नजदीक ही काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था,जिसके बाद से ही वे लापता हो गया था. परिजनों द्वारा मामले की शिकायत दर्ज करने के बाद पुलिस ने 23 मई को राजेंद्र सिंह का शव घर से 400 मीटर की दूरी पर गदेरे के तालाब से बरामद किया था. शव के दोनों पैर व एक हाथ बंधा हुआ मिला था, वहीं सिर पर गहरी चोट के निशान भी मिले थे, जबकि नजदीक में ही मृतक की पानी की बोतल, मोबाइल व चप्पल मिलने से परिजनों व ग्रामीणों ने हत्या करके शव यहां फेंके जाने की आशंका जताई थी.

इसके बाद से ही मामले की पेचीदगी बढ़ती गई. वहीं, ग्रामीणों द्वारा मुख्यमंत्री को भी एक मांग पत्र प्रेषित किया गया है. मामले को लेकर जांच अधिकारी इंस्पेक्टर मनोज सीरौला ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि पुलिस टीम पूरी गंभीरता के साथ मामले की गहन जांच कर रही है. जल्द ही मौत के कारणों का खुलासा किया जाएगा.

Social Media Share