बिहार के प्राइवेट हॉस्पिटल के ICU में लगी भीषण आग, कई मरीजों की मौत, 20 से ज्यादा झुलसे

ट्रेंडिंग खबरें ताज़ा ख़बरें दुर्घटना न्यूज़ सोशल मीडिया वायरल

मुजफ्फरपुर के अस्पताल के आईसीयू में आग लगने से कई मरीजों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक झुलस गये हैं. पढ़ें खबर-

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित ब्रह्मपुरा इलाके के प्रसिद्ध प्रसाद हॉस्पिटल के आईसीयू वार्ड में देर रात अचानक भीषण आग लग गई. इस दर्दनाक घटना में 20 से अधिक मरीज गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि कई मरीजों की मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल व्याप्त हो गया.

मुजफ्फरपुर के अस्पताल में लगी भीषण आग: चश्मदीदों के अनुसार, आग की लपटें और धुंआ उठते ही अस्पताल में चीख-पुकार मच गई. अस्पताल कर्मचारियों और आसपास के स्थानीय निवासियों ने तुरंत खिड़कियां तोड़कर घायल मरीजों को बाहर निकाला. उनकी इस मुस्तैदी से कई जिंदगियां बचाई जा सकी है.

आग में झुलसकर पांच लोगों की मौत: मृतकों में मीनापुर थाना क्षेत्र के गौरिग्मा गांव निवासी कृष्णनंदन प्रसाद सिंह (76), कथैया थाना क्षेत्र के दिस्टोलिया गांव निवासी गीता देवी (62), औराई थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव निवासी व वर्तमान अहियापुर के नेवालाल चौक निवासी शशांक (30), शिवहर जिला तरियानी छपरा थाना क्षेत्र के विशम्भरपुर गांव निवासी उदय कुमार (57) और एक अन्य शामिल है.

दमकल की 8 गाड़ियां पहुंची: घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं. दमकल कर्मियों ने कड़ी मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया. आग पर काबू पाने में काफी समय लगा, जिस दौरान पूरे परिसर में तनावपूर्ण माहौल रहा.

फायर डिपार्टमेंट ने क्या बताया?: अग्निशमन पदाधिकारी आर एन पांडेय ने बताया ”सुबह करीब तीन बजे आग लगने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची. उस समय आईसीयू में काफी धुआं भरा हुआ था. अब तक 20 से अधिक मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है. तीन लोगों की मौत की सूचना मिली है, जिसकी जांच की जा रही है.”

झुलसे मरीजों का चल रहा इलाज: जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्यों का निरीक्षण किया. सभी घायल मरीजों को तुरंत एम्बुलेंस के माध्यम से मुजफ्फरपुर के विभिन्न अस्पतालों में स्थानांतरित कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है.

मृतकों की पहचान और नुकसान का आकलन: प्रशासन की टीम मृतकों की पहचान की प्रक्रिया में जुटी हुई है. साथ ही, अस्पताल प्रबंधन और पुलिस मिलकर आईसीयू वार्ड में हुए संपत्ति नुकसान का आकलन कर रही है. मृतकों की संख्या की पुष्टि की जा रही है.

क्या बोले डीएम सुब्रत कुमार सेन?: डीएम सुब्रत कुमार सेन ने बताया कि अभी तक 5 मौत की पुष्टि हुई है. ICU में 13 से 15 मरीज भर्ती थे. अस्पातल प्रशासन का कहना है कि कुछ मरीजों को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया है.

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना: प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का मुख्य कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट हो सकता है. हालांकि, इसकी पुष्टि अभी तक नहीं हुई है. जिला प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च स्तरीय जांच समिति गठित कर दी है, जो पूरे हादसे की विस्तृत जांच करेगी.

राहत कार्य जारी, परिवारों में शोक: घटना के बाद राहत कार्य तेजी से चल रहे हैं. प्रभावित परिवारों में शोक की लहर है. स्थानीय प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि सभी पीड़ितों को उचित मुआवजा और सहायता प्रदान की जाएगी. इस हादसे ने अस्पताल सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.
Social Media Share