बदरीनाथ एनएच के शराब ठेके पर खूनी विवाद, स्थानीय निवासी पर जानलेवा हमला, धरने पर बैठीं महिलाएं

Newsbeat आपका शहर उत्तराखंड खबर हटकर ट्रेंडिंग खबरें ताज़ा ख़बर न्यूज़ सोशल मीडिया वायरल

42 साल के मदनलाल की गर्दन पर धारदार हथियार से किया वार, गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर, महिलाओं की शराब ठेका हटाने की मांग

रुद्रप्रयाग: बदरीनाथ नेशनल हाईवे पर स्थित अंग्रेजी शराब के ठेके के समीप शुक्रवार शाम हुए खूनी विवाद से क्षेत्र में हड़कंप मच गया. मारपीट के दौरान 42 वर्षीय मदनलाल पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया. गर्दन पर गंभीर चोट लगने के बाद उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने श्रीकोट बेस अस्पताल रेफर कर दिया. घटना के बाद शराब ठेके के आसपास अफरा-तफरी का माहौल रहा. शराब ठेके को हटाने की मांग को लेकर स्थानीय महिलाएं धरने पर बैठ गईं.

शराब ठेके के बाहर खूनी विवाद: घायल मदनलाल की बेटी ने मामले में कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. तहरीर में धारदार हथियार से हमला किए जाने का आरोप लगाया गया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. हालांकि, घटना की वास्तविक वजह और हमले में शामिल लोगों की भूमिका जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.

घटना के बाद सड़क पर उतरी महिलाएं: मारपीट की घटना के बाद अमसारी गांव की महिलाएं शराब ठेके के बाहर धरने पर बैठ गईं. महिलाओं ने शराब की दुकान के संचालन का विरोध करते हुए ठेका आबादी क्षेत्र से हटाकर अन्यत्र शिफ्ट करने की मांग उठाई. उनका कहना है कि शराब की दुकान खुलने के बाद आसपास का माहौल प्रभावित हुआ है और आए दिन विवाद की स्थिति बनती रहती है.

महिलाओं ने शराब ठेका शिफ्ट करने की मांग की: महिलाओं ने आरोप लगाया कि वे पिछले तीन वर्षों से शराब ठेका हटाने की मांग कर रही हैं. इसके लिए कई बार विरोध-प्रदर्शन और प्रशासन से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक उनकी मांग पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई. शुक्रवार की घटना के बाद महिलाओं का आक्रोश और बढ़ गया. उन्होंने कहा कि ठेके के आसपास होने वाले विवादों से स्थानीय लोगों, विशेषकर महिलाओं में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है. उन्होंने प्रशासन से घटना को गंभीरता से लेते हुए शराब ठेके को आबादी से दूर स्थानांतरित करने की मांग की.

पुलिस जांच में जुटी: कोतवाल मुकेश सिंह ने बताया कि-

मारपीट का मामला सामने आया है. मामले की जांच की जा रही है. तहरीर और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
-मुकेश सिंह, कोतवाल-

Social Media Share