उत्तराखंड में मैत्री सेतु: भारत-नेपाल पीएम करेंगे छारछुम पुल का लोकार्पण

Dehardun Naitional National Newsbeat आपका शहर उत्तराखंड खबर हटकर ट्रेंडिंग खबरें ताज़ा ख़बर ताज़ा ख़बरें न्यूज़ सोशल मीडिया वायरल

Nepal PM Balendra Shah India visit: पुल के शुरू होने से भारत और नेपाल के बीच सीमावर्ती व्यापार को नई दिशा मिलने की संभावना है.

पिथौरागढ़(उत्तराखंड): भारत और नेपाल के बीच दशकों पुराने सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक रिश्तों को अब सड़क संपर्क की नई मजबूती मिलने जा रही है. उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ की धारचूला तहसील में काली नदी पर बनकर तैयार छारछुम अंतरराष्ट्रीय मोटर पुल का 23 नवंबर को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह संयुक्त रूप से वर्चुअल लोकार्पण करेंगे.

दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के बीच होने वाली उच्चस्तरीय वार्ता के दौरान इस पुल के साथ चंपावत के बनबसा क्षेत्र में निर्मित ड्राई पोर्ट का भी लोकार्पण प्रस्तावित है. इससे भारत-नेपाल के बीच व्यापार, परिवहन और सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है.

करीब 33 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित छारछुम मोटर पुल भारत के पिथौरागढ़ जिले की धारचूला तहसील को नेपाल के दार्चुला क्षेत्र के असिगाड़ा से जोड़ेगा. काली नदी पर बने इस पुल के शुरू होने से दोनों देशों के सीमावर्ती गांवों के लोगों को आवागमन के लिए एक नया मोटर मार्ग उपलब्ध होगा. अब तक नदी पार करने के लिए स्थानीय लोगों को कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था. पुल से व्यापारिक गतिविधियों के साथ ही स्थानीय लोगों की आवाजाही भी सुगम होगी.

भारत सरकार की सहायता से निर्मित इस पुल का शिलान्यास सितंबर 2022 में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और नेपाल की ओर से तत्कालीन प्रतिनिधियों की मौजूदगी में किया गया. निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग की ओर से कराया गया है. पुल को भारत-नेपाल सीमा पर उत्तराखंड क्षेत्र का महत्वपूर्ण मोटर संपर्क मार्ग माना जा रहा है. बनबसा के बाद यह दोनों देशों के बीच उत्तराखंड में एक और महत्वपूर्ण मोटर योग्य संपर्क स्थापित करेगा.

व्यापार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा: पुल के शुरू होने से भारत और नेपाल के बीच सीमावर्ती व्यापार को नई दिशा मिलने की संभावना है. नेपाल के सुदूरपश्चिम क्षेत्र के लोगों को भारतीय बाजारों तक पहुंचने में सुविधा होगी. वहीं धारचूला और आसपास के क्षेत्रों के व्यापारियों को भी नए बाजार उपलब्ध होंगे. स्थानीय स्तर पर रोजगार, पर्यटन और परिवहन गतिविधियों में वृद्धि की उम्मीद है. सीमा पार रहने वाले परिवारों के सामाजिक और पारिवारिक संबंध भी और मजबूत होंगे.

दोनों देशों के रिश्तों में महत्वपूर्ण कदम: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह रविवार को दो दिवसीय भारत दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे हैं. सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी वार्ता में ऊर्जा, जलविद्युत, व्यापार, बुनियादी ढांचे और सीमा पार संपर्क जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा प्रस्तावित है. छारछुम मोटर पुल का लोकार्पण इसी व्यापक द्विपक्षीय सहयोग का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है.

सीमांत पिथौरागढ़ के लिए यह परियोजना केवल एक पुल नहीं, बल्कि भारत-नेपाल के बीच आर्थिक गतिविधियों, आपसी विश्वास और सीमावर्ती विकास का नया द्वार साबित हो सकती है. अब क्षेत्र के लोगों की निगाहें सोमवार को होने वाले लोकार्पण पर टिकी हैं.

Social Media Share