देहरादून: ढाई दिन की सरस्वती ने देहदान कर बनी देश की सबसे कम उम्र की ऑर्गन डोनर

उत्तराखंड

देहरादून जिला अस्पताल में ढाई दिन की एक बच्ची सरस्वती ने अंगदान किया। वह सबसे कम उम्र की ऑर्गन डोनर बनी। उसके अंगों को दून मेडिकल कॉलेज के संग्रहालय में रखा जाएगा।

देहरादून में ढाई दिन की एक बच्ची का दून अस्पताल में देहदान किया गया। हृदय गति रुकने के कारण उसका निधन हो गया था। बताया जा रहा है कि इतनी कम उम्र में देहदान का यह देश में पहला मामला है।

डॉक्टरों ने बताया कि बच्ची के दिल में विकृति थी, जिसकी वजह से आज सुबह उसका निधन हो गया। बच्ची के पिता राम मिहर हरिद्वार की एक फैक्ट्री में काम करते हैं। जानकारी के अनुसार, हरिद्वार के डॉ. राजेंद्र सैनी ने परिवार को देहदान के लिए प्रेरित किया। इसके बाद परिवार ने दधिचि देहदान समिति के मुकेश गोयल से संपर्क किया, और समिति की मदद से आज सुबह बच्ची का देहदान किया गया।

बताया जा रहा है कि देश में इतनी कम उम्र में देहदान का यह पहला मामला है। बच्ची के अंगों को दून मेडिकल कॉलेज के संग्रहालय में संरक्षित किया जाएगा, जहां वे लोगों को देहदान के प्रति जागरूक करने में मदद करेंगे। समिति ने बच्ची का नाम सरस्वती रखा है।

एनाटॉमी विभाग के अध्यक्ष डॉ. एमके पंत और सहायक प्रोफेसर डॉ. राजेश कुमार मौर्य ने बताया कि इतनी कम उम्र के बच्चे का देहदान बहुत दुर्लभ मामला है। बच्ची के शव को लंबे समय तक संरक्षित रखने के लिए उसके शरीर पर थर्मलीन का लेप लगाया जाएगा।

 

 

 

 

 

 

Social Media Share