राजधानी देहरादून में भी बड़े शहरों की तरह तापमान में करीब पांच डिग्री की बढ़ोतरी देखी गई। सोमवार को दून का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री ज्यादा होकर 35 डिग्री से ऊपर पहुंच गया।
मौसम के बदलते मिजाज का असर अब राजधानी देहरादून में भी दिखाई देने लगा है। बारिश कम होने लगी है और तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। जयपुर में भी ऐसा ही हाल देखने को मिला। सोमवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री ज्यादा होकर 35 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि तापमान में वृद्धि का मूल कारण बारिश में कमी है, जिसे मौसमी पैटर्न में बदलाव से जोड़ा जा सकता है। इन दिनों दिल्ली, चंडीगढ़, जयपुर और लखनऊ के समान तापमान अब राजधानी देहरादून में भी दर्ज किए जा रहे हैं। हाल के कुछ दिनों से बड़े शहरों का तापमान देहरादून के तापमान से मैच करने लगा है, जिससे मैदान से लेकर पहाड़ी इलाकों तक गर्मी में बढ़ोतरी से काफी परेशानी हो रही है।
दून का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री ज्यादा
पिछले कुछ वर्षों में जलवायु परिवर्तन और बदलते मौसम के पैटर्न का सीधा असर उत्तराखंड के तापमान पर देखने को मिला है। देहरादून के लोगों का कहना है कि पहले अप्रैल में इतनी गर्मी नहीं पड़ती थी। अगर सोमवार के आंकड़ों को देखें तो दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री ज्यादा होकर 40.2 डिग्री, चंडीगढ़ में पांच डिग्री ज्यादा होकर 37.6 डिग्री और लखनऊ में दो डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 39.2 डिग्री दर्ज किया गया।
उधर मंगलवार के आंकड़ों पर नजर डाले तो दून का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री इजाफे के साथ 35.2 डिग्री रहा। यह स्थिति प्रदेश के सभी मैदानी इलाकों की रही। जबकि पर्वतीय इलाकों में भी चटक धूप खिलने से दिन के समय गर्मी परेशान करने लगी है।